फरीदाबाद को बनाएंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधुनिक शहर : विपुल गोयल

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया फ्लावर फेस्टिवल का शुभारंभफरीदाबाद, 14 मार्च । हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम फरीदाबाद की ओर से सेक्टर-12 टाऊन पार्क में आयोजित किए फ्लावर फेस्टिवल-2026 का रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और निगमायुक्त धीरेन्द्र खडग़टा भी मौजूद रहें। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शनिवार काे नगर निगम फरीदाबाद के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कई वर्षों पहले टाउन पार्क में आयोजित होने वाला फ्लावर शो पुन: शुरू करना एक सराहनीय पहल है। इस कार्यक्रम को साकार करने में नगर निगम की टीम, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्हाेंने कहा कि फरीदाबाद के लोग केवल विकास ही नहीं बल्कि शहर की सुंदरता और हरियाली को लेकर भी सजग हैं। फ्लावर शो जैसे कार्यक्रम यह दर्शाते हैं कि नागरिक शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने में भागीदारी चाहते हैं। उन्होंने पूर्व में किए गए वृक्षारोपण अभियानों, टाउन पार्क के विकास, इको-वन, नमो-वन, और पार्कों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में टाउन पार्क के लिए स्वीकृत विकास कार्यों से और बड़े परिवर्तन देखने को मिलेंगे। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए वाटर कैनाल और बोटिंग जैसी सुविधाएं शुरू करने की भी योजना है। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि कूड़ा संग्रहण, डोर-टू-डोर कलेक्शन, मैकेनाइज्ड और मैनुअल सफाई, तथा नाइट स्वीपिंग जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है और अगले कुछ महीनों में शहर में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित शहर बनाने के लिए सरकार द्वारा विशेष योजनाएं बनाई जा रही हैं और जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी सहित कई विकास कार्य प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि आगामी 4 अप्रैल को सेक्टर-12 में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री का कार्यक्रम निर्धारित है। नगर निगम महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि फ्लावर महोत्सव फरीदाबाद का एक प्रमुख आकर्षण है। उन्होंने पौधारोपण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले बड़े स्तर पर पौधों का वितरण किया गया था और लोगों ने न केवल पौधे लगाए बल्कि उनकी देखभाल भी की। कार्यक्रम में तीन सफाई कर्मचारी और तीन मालियों को भी सम्मानित किया गया। मंच का संचालन डॉ सुप्रिया ढांडा ने किया। इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह, पार्षद मनोज नसावा, पार्षद मुकेश अग्रवाल, पार्षद पवन यादव, पार्षद सचिन शर्मा, पार्षद प्रियंका बिष्ट,पार्षद जसवंत सैनी सहित सेक्टरों के गणमान्य व्यक्ति रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान भी मौजूद रहे।