सिरसा: बिजली ट्रांसफार्मर में लगी आग, साधु झुलसा

सिरसा, 27 मार्च । जिले के कालांवाली शहर में एक बिजली ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक साधु सुलझ गया। आसपास के लोगों आग की सूचना दमकल विभाग को दी, जिस पर फायर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई।

स्थानीय लोगों ने शुक्रवार काे बताया कि पहले तेज धमाके की आवाज आई फिर ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और कुछ ही देर में आग भडक़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान यहां से गुजर रहा एक साधु भी आग की चपेट में आ गया और झुलस गया, जिसे उपचार के लिए कालांवाली के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया। ट्रांसफार्मर में आग लगने से मार्केट की बिजली आपूर्ति भी बंद हो गई है। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर में शार्ट-सर्किट या ओवरलोडिंग से आग लगी हो, इसकी जांच की जा रही है।

कालांवाली में मिला व्यक्ति का शव

कालांवाली शहर के टैक्सी स्टैंड के निकट शुक्रवार को एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कालांवाली के अस्पताल में पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक व्यक्ति पिछले काफी समय से टैक्सी स्टैंड के पास घूमता रहता था और अपने आप को पंजाब के फाजिल्का का बताता था। सुबह वह अचेतावस्था में पड़ा था। आस-पास के लोगों ने उसके शरीर में कोई हलचल नहीं देखी तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस का कहना है कि मृतक के पास से कोई पहचान पत्र इत्यादि नहीं मिला है, जिस कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।