मंडी, 07 मार्च । हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की बल्ह इकाई ने प्रदेश में युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या के खिलाफ समग्र, ठोस और व्यापक कानून बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जंबाल की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडलाधिकारी (ना.) बल्ह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
नरेंद्र जम्वाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में युवाओं के बीच नशीले पदार्थों का बढ़ता उपयोग न केवल उनके भविष्य बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य, सामाजिक स्थिरता और राज्य के विकास के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की आपूर्ति रोकने के लिए पुलिस प्रशासन के प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए व्यापक नीति और सख्त कानून आवश्यक हैं।
समिति की उपाध्यक्ष पूनम चौधरी ने कहा कि नशे के मूल कारणों को दूर करने, उपचार और पुनर्वास सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य स्तर पर विशेष मिशन और समन्वय सेल स्थापित किया जाना चाहिए।
इस मौके पर पूर्व राज्य अध्यक्ष जोगिरद्र वालिया ने भी सरकार से विधानसभा में इस मुद्दे को गंभीरता से उठाकर ठोस कानून बनाने की मांग की। कार्यक्रम में समिति के कई सदस्य और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।