जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन अब इलेक्ट्रिक इंजन से होगी संचालित

जयपुर, 10 मार्च । रेल प्रशासन द्वारा यात्री सुविधाओं में विस्तार,आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन को अब डीजल इंजन के स्थान पर इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव से संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के तहत गाड़ी संख्या 22977/22978 जयपुर-जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन का 11 मार्च से जयपुर से नियमित रूप से इलेक्ट्रिक इंजन द्वारा किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जयपुर पूजा मित्तल के अनुसार भारतीय रेल निरंतर अपने संचालन को अधिक आधुनिक,तेज और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए प्रयासरत है। इसी क्रम में जयपुर-जोधपुर रेलमार्ग पर संचालित होने वाली इस महत्वपूर्ण इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन को अब इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित किया जाएगा। इससे न केवल ट्रेन संचालन की दक्षता में वृद्धि होगी बल्कि यात्रियों को अधिक सुरक्षित,आरामदायक और सुगम यात्रा का अनुभव भी प्राप्त होगा।

इलेक्ट्रिक इंजन के उपयोग से ट्रेनों की गति और संचालन क्षमता में भी सुधार होगा। इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव डीजल इंजन की तुलना में अधिक शक्तिशाली और कुशल होते हैं, जिससे ट्रेन के संचालन में समय की बचत और बेहतर समयपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त इलेक्ट्रिक इंजन के उपयोग से रखरखाव की आवश्यकता भी अपेक्षाकृत कम होती है,जिससे रेलवे के संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हो सकेगा।

इस बदलाव से डीजल की खपत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे ईंधन व्यय में बचत होगी। वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय हैं। इलेक्ट्रिक इंजन के प्रयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह कदम भारतीय रेल के हरित परिवहन प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और लोकप्रिय रेलसेवा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन से आवागमन करते हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक इंजन के माध्यम से ट्रेन संचालन शुरू होने से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलने की उम्मीद है।

भारतीय रेल भविष्य में भी अपने नेटवर्क के अधिक से अधिक मार्गों पर विद्युतीकरण और इलेक्ट्रिक इंजन के संचालन को बढ़ावा देती रहेगी,ताकि यात्रियों को सुरक्षित,तेज,किफायती और पर्यावरण अनुकूल रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके।