आदित्य साहू ने खूंटी घटना को लेकर राज्य सरकार पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप

रांची, 31 मार्च । झारखंड के खूंटी जिले के मुरहू में रामनवमी के अवसर पर हुई घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तुष्टीकरण की राजनीति में पूरी तरह डूबी हुई है और वोट बैंक की राजनीति के चलते एक विशेष समुदाय को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में सनातन धर्म के पर्व-त्योहारों के दौरान सुनियोजित तरीके से जुलूस, शोभा यात्रा, मूर्तियों और मंदिरों को निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि त्योहारों में बाधा डालना, जुलूसों पर पत्थरबाजी करना और अनावश्यक अवरोध उत्पन्न करना आम बात बन गई है।

उन्होंने मुरहू की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि रामनवमी जुलूस पर पथराव इसी मानसिकता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों ने असामाजिक तत्वों और दंगाइयों का मनोबल बढ़ा दिया है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन राज्य सरकार के “टूल किट” की तरह काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस पदाधिकारी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई से बाज आएं और अपनी वर्दी की गरिमा बनाए रखें।