पलामू, 03 मार्च । रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हुसैनाबाद अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एसडीपीओ एस मोहम्मद याक़ूब, बीडीओ सुनील कुमार वर्मा और सीओ पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रमजान के पवित्र महीने को ध्यान में रखते हुए होली का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और सम्मान के साथ मनाया जाए, इसे लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन की ओर से शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे और चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर है। एसडीपीओ एस मोहम्मद याक़ूब ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के नाम पर हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, महिलाओं से छेड़छाड़, शराब के नशे में उत्पात मचाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तेज रफ्तार वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व शांति, प्रेम और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना को दें। प्रशासन ने विश्वास दिलाया है कि हुसैनाबाद में होली का पर्व पूर्ण सुरक्षा एवं सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।