धनबाद, 05 मार्च । धनबाद के केंदुआ मोड़ में गुरुवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद के बाद एक फल दुकानदार को कार से करीब 100 मीटर तक घसीट दिया गया। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया।
घटना केंदुआ मोड़ स्थित बिहारी लाल चौधरी के सामने की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक कार आकर फल दुकानदार के ठेले के सामने खड़ी हुई। कार में सवार एक व्यक्ति बाहर बियर की बोतल रखकर शराब पीने लगा। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए दुकानदार को थप्पड़ मार दिया।
बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपित ने कार का दरवाजा खोलकर दुकानदार को अंदर खींच लिया और तेज रफ्तार में गाड़ी भगा दी। दुकानदार करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा और फिर चलती कार से सड़क पर गिर पड़ा। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद केंदुआ थाना पुलिस ने आराेपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार चालक और वाहन अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।