रांची, 31 मार्च । सीसीएल की टीम ने सीआईएल अंतर कंपनी बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कंपनी का नाम गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में सीसीएल की महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम स्पर्धा में उपविजेता (रनर अप) का स्थान प्राप्त किया।
महिला टीम की खिलाड़ियों में पूजा ठाकुर, संयमी निधि, मंजू देवी एवं मिस मालती कुमारी शामिल रहीं, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट समन्वय एवं खेल कौशल का परिचय दिया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी सीसीएल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। संयमी निधि ने महिला ओपन सिंगल्स वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया, जबकि वेटरन पुरुष ओपन सिंगल्स वर्ग में अविनाश कुमार तिवारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा तथा निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने खिलाड़ियाें को जीत की बधाई दी।
उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपने कर्मचारियों को खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित करता है, ताकि कर्मचारियों का बहुआयामी विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करते हुए सीसीएल का नाम और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।