चतरा, 13 मार्च । जिले के जोरी थाना क्षेत्र स्थित संघरी घाटी में शुक्रवार तडके सुबह हुए सड़क हादसे के बाद चतरा–गया मुख्य मार्ग पर भीषण जाम लग गया।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से घंटों तक आवाजाही पूरी तरह ठप रही और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घाटी के खतरनाक मोड़ पर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद पीछे से आ रहे कई हाइवा ट्रक आपस में टकरा गए। इससे अफरातफरी मच गई। दुर्घटना के कारण मार्ग पर वाहन फंस गए और देखते ही देखते दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम के कारण चतरा से गया जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। भारी वाहनों के साथ-साथ छोटी गाड़ियां और बसें भी जाम में फंस गईं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। घटना की जानकारी मिलते ही जोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने की कार्रवाई शुरू की। क्रेन की मदद से पलटे कंटेनर और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया।