पलामू, 09 मार्च । उपायुक्त समीरा एस ने सोमवार को राजस्व वसूली की समीक्षा की। चालू वित्तीय वर्ष में प्राप्त लक्ष्य के विरुद्ध वसूली की जानकारी ली गयी। उन्हाेंने कर्मियों काे लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
वहीं खनन विभाग की समीक्षा में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत 58433.31 लाख रुपये वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध अबतक 14517.10 लाख रुपये की वसूली की गयी है। डीसी ने खान निरीक्षक को राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही रॉयल्टी और पेनाल्टी का अलग से डेटा उपलब्ध करने को कहा।
परिवहन विभाग को वित्तीय वर्ष में 7608.30 लाख रुपये वसूली का लक्ष्य दिया गया था, इसके विरुद्ध अबतक 7587.61 लाख रुपये की वसूली की गयी है। मोटरयान निरीक्षक पलामू ने 04 करोड 49 लाख रुपये की वसूली लक्ष्य के विरुद्ध 02 करोड 96.08 लाख रुपये वसूली की है।
उत्पाद अधीक्षक ने उपायुक्त को बताया कि उत्पाद विभाग को 16 अरब 75 करोड 09 लाख 50 लाख रुपये वसूली का वार्षिक लक्ष्य दिया गया था। इसके विरुद्ध फरवरी माह तक 14 अरब 81 करोड 02 लाख 88 हजार रुपये की वसूली कर ली गयी है। मेदिनीनगर नगर निगम को 15अरब 60 करोड 55 लाख रुपये की वसूली का लक्ष्य है जिसके विरुद्ध अबतक 11 अरब 85 करोड 76 लाख रुपये की वसूली की गयी है जो प्राप्त लक्ष्य का 76 प्रतिशत है। अवर निबंधन, राष्ट्रीय बचत विभाग, विद्युत आपूर्ति विभाग की भी समीक्षा की गयी।
बैठक में भू-लगान, निबंधन, दाखिल-खारिज, सकसेशन म्यूटेशन, पार्टीशन म्यूटेशन और भूमि सीमांकन की भी समीक्षा की गयी। सभी सीओ को निर्धारित समय में म्यूटेशन के मामलों को निष्पादन करने पर बल दिया गया। 2025-26 में प्राकृतिक आपदाओं और राज्य स्तरीय अधिसूचित आपदाओं से प्रभावितों को सहायता राशि स्वीकृती से संबंधित रिपोर्ट, ई-रेवेन्यू कोर्ट का स्टेटस, लैंड डीमारकेशन, झारखंड लगान कलेक्शन की भी समीक्षा की गयी।
बैठक में उपायुक्त के अलावा अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, हुसैनाबाद एसडीओ, सहायक समाहर्ता, तीनों भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचल अधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।