महिला दिवस पर महिलाओं ने की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की मांग

खूंटी, 10 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बाल कल्याण संघ की ओर से मुरहू प्रखंड अंतर्गत छाता गांव में महिलाओं के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन (पीआरए) के माध्यम से गांव की समस्याओं और जरूरतों का सामूहिक आकलन किया गया।

बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लेकर गांव की जमीनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा। महिलाओं ने बताया कि गांव की कई गलियों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है, इससे महिलाओं और किशोरियों को आने-जाने में असुरक्षा महसूस होती है। इसके अलावा गांव में पर्याप्त शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से भी महिलाओं को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके स्वास्थ्य और गरिमा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है।

पीआरए प्रक्रिया के दौरान महिलाओं ने इन समस्याओं को गांव की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए संबंधित विभागों से जल्द समाधान की मांग की। महिलाओं ने कहा कि स्ट्रीट लाइट और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान के लिए बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गांव की महिला समूह का पुनर्गठन भी किया गया। मौके पर महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे समूह के माध्यम से बचत, आजीविका और सामाजिक मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करेंगी और गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

बाल कल्याण संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों को संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि गांव की महिलाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जा सके।