रामगढ़, 10 मार्च । शहर के युवाओं में फिटनेस, खेल भावना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दौड़ेगा रामगढ़, बढ़ेगा रामगढ़ नामक मिनी मैराथन का आयोजन 29 मार्च को किया जाएगा।
इसे लेकर मंगलवार को आयोजन समिति ने इसकी घोषणा की। बैठक की अध्यक्षता आयोजन समिति के संरक्षक गोपाल राम ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव सीडी सिंह ने किया। बैठक में पूर्व निर्धारित 15 मार्च की तिथि में बदलाव करते हुए 29 मार्च को कार्यक्रम करने का फैसला हुआ। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा इस अवसर पर मिनी मैराथन का रजिस्ट्रेशन फॉर्म लॉन्च किया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने बताया कि इस मिनी मैराथन में केवल झारखंड राज्य के प्रतिभागी ही भाग ले सकेंगे। राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और एथलीटों के भाग लेने की उम्मीद है। मिनी मैराथन तीन अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित होगा। जिसमें 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग, 06 किलोमीटर महिला वर्ग तथा 2 किलोमीटर रन एंड फन दौड़ शामिल है।
10 किलोमीटर पुरुष वर्ग की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 51 हजार, द्वितीय स्थान को 31 हजार, तृतीय स्थान को 21 हजार, चतुर्थ स्थान को 11 हजार और पांचवां स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 07 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। 06 किलोमीटर महिला वर्ग की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 31 हजार, द्वितीय स्थान को 21 हजार, तृतीय स्थान को 11 हजार, चतुर्थ स्थान को 07 हजार और पांचवांस्थान प्राप्त करने वाली महिला प्रतिभागी को 05 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। रन एंड फन दौड़ में सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे। इस श्रेणी में टॉप 10 प्रतिभागियों को आकर्षक गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शशि पांडेय, कोषाध्यक्ष कृति गौरव, अंकित सिंह, मनीष पॉल, सुमित कुमार, सूरज कुमार सहित आयोजन समिति के कई सदस्य सहित अन्य सहयोगी उपस्थित थे।