रांची, 07 मार्च । झारखंड सरकार मंत्री, विधायक और पूर्व विधायकों के लिए नई स्वास्थ्य सुविधा लागू करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत राज्य के जनप्रतिनिधियों और उनके परिवारों को देशभर में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि नई व्यवस्था के तहत झारखंड के मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक और उनके परिवार के सदस्य देश के किसी भी हिस्से में बेहतर और कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए नियमावली का प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द ही मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में लिया गया है, ताकि जनप्रतिनिधियों को देशभर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार इस व्यवस्था के तहत जनप्रतिनिधियों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) की व्यवस्था भी लागू की जाएगी, जिससे इलाज के दौरान आने वाले खर्च का भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था अखिल भारतीय सेवा (चिकित्सा उपस्थिति) नियम, 1954 की तर्ज पर लागू की जाएगी। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद जनप्रतिनिधियों को इलाज के दौरान बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
————–