खूंटी, 23 मार्च । शहीद दिवस के अवसर पर खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने देश के अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को उनके बलिदान दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मौकेे पर सांसद ने कहा कि 23 मार्च भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में त्याग, साहस और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक दिवस है। अमर शहीदों ने अत्याचारी अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए हंसते हंसते अपने प्राणों की आहुति दी और देश की आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के विचार—समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा—आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। देश और समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही सशक्त, समतामूलक और प्रगतिशील भारत का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव पीटर मुंडू ने झारखंड के गांधी के नाम से विख्यात टी मुचीराय मुंडा की पुण्यतिथि पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस उद्देश्य से झारखंड का निर्माण टी मुचीराय मुंडा चाहते थे, वह सपना आज भी पूरी तरह साकार नहीं हो पाया है। उनके बताए मार्ग पर चलकर उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए हम सभी को मिलकर संकल्पबद्ध प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम में प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के महासचिव नाईमुदीन खान, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, जिला प्रवक्ता रविकांत मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष पाडेया मुंडू, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश, जुनैद अहमद, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष आमिर हुसैन सहित कृष्ण कुमार, आयुष साहू, सोनू कुमार, पवन कुमार, प्रनीत तोपनो, शशिकांत होरो सहित अन्य उपस्थित थे।