पूर्वी सिंहभूम, 27 मार्च । रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधायक एवं मंदिर जीर्णोद्धार समिति के संयोजक सरयू राय ने गोसेवा केंद्र और प्रस्तावित ‘सनातन सदन’ का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर सरयू राय ने कहा कि यह पहल सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और उसकी सही परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि ‘सनातन सदन’ को तीन मंजिला भवन के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां वेद, पुराण और अन्य धार्मिक ग्रंथों के साथ-साथ पूजा-पद्धतियों और कर्मकांड से संबंधित विस्तृत साहित्य उपलब्ध रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि ज्ञान, साधना और प्रशिक्षण का केंद्र होगा। यहां आचार्यों और कर्मकांडियों को मंत्रों के शुद्ध उच्चारण और विधि-विधान से पूजा संपन्न कराने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे धार्मिक अनुष्ठानों में शुद्धता बनी रहे।
विधायक ने बताया कि मंदिर परिसर के दक्षिण-पश्चिम भाग में गोसेवा केंद्र की स्थापना की जाएगी। यहां गायों की सेवा के साथ भारतीय संस्कृति और स्वदेशी जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाएगा। गोसेवा केंद्र में गोमाता और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। साथ ही पंच पल्लव-आम, पीपल, पाकर, बरगद और गूलर के पौधे लगाए जाएंगे, जिनका धार्मिक अनुष्ठानों में विशेष महत्व होता है।
कार्यक्रम के दौरान सरयू राय ने कन्या पूजन कर लगभग डेढ़ दर्जन कन्याओं को प्रसाद, चुनरी और उपहार भेंट किए। प्रसाद में चना, हलवा, पूड़ी और खीर शामिल थे।
इस अवसर पर शिवशंकर सिंह, आशुतोष राय, साकेत गौतम, असीम पाठक, अशोक कुमार, मुकेश कुमार और अभय सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।————-