पश्चिमी सिंहभूम, 12 मार्च । जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में गुरुवार को युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने की। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी दीपक साव और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई उपस्थित रहे। जिला प्रभारी दीपक साव के पहली बार चाईबासा आगमन पर जिला महासचिव राजीव बोयपाई और गुलजार अंसारी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिला, विधानसभा और प्रखंड स्तर की कमेटियों का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने की योजना है। साथ ही हर महीने विधानसभा कार्यकारिणी की बैठक आयोजित करना अनिवार्य होगा, ताकि पंचायत और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में पहल की जा सके।
प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी दीपक साव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है और सच बोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु छिब की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार पर आलोचना से घबराने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों से आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
बैठक के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चाईबासा के शहीद पार्क चौक पर एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि 16 मार्च को आयोजित संसद घेराव कार्यक्रम में पश्चिम सिंहभूम जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बैठक में जिला महासचिव राजीव बोयपाई, गुलजार अंसारी, चक्रधरपुर विधानसभा अध्यक्ष प्रतीक कुमार, मझगांव विधानसभा उपाध्यक्ष चैतन्य संवैया, मझगांव प्रखंड अध्यक्ष सुकरा लोहार, हाटगमहारिया प्रखंड अध्यक्ष कृपा कुलडीह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।