ज्वाली में आवासीय परिसर से 600 ग्राम चरस बरामद, एक गिरफ्तार

पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ज्वाली में एक व्यक्ति को 600 ग्राम चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को यह कामयाबी एक विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर मिली और सीआईए टीम द्वारा गांव तखनार, डाकघर भाली, तहसील ज्वाली में एक आवासीय परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 600 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हैदविंदर कुमार पुत्र राज कुमार, आयु 43 वर्ष, निवासी गांव तखनार, डाकघर भाली, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। उपरोक्त आरोपी के विरुद्ध ज्वाली थाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही अमल में लाई गई है।

एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उक्त मादक पदार्थ की तस्करी में अन्य कौन-कौन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जिला नूरपुर नशा तस्करी के विरुद्ध “शून्य सहनशीलता” की नीति पर कार्य कर रहा है तथा ऐसे नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।