मैक्लोडगंज में 305 ग्राम चरस सहित एक गिरफ्तार

धर्मशाला, 31 मार्च । जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के अन्तर्गत एक और सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस थाना मैक्लोडगंज की टीम द्वारा गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक नशा तस्कर को 305.66 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चमारु राम पुत्र निहारु राम निवासी गांव कलझन, डाकखाना वरधान, तहसील पधर, जिला मण्डी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना मैक्लोडगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान में लगातार गश्त, नाकाबन्दी, गुप्त सूचना एकत्रित करना जारी है। इसी कड़ी में बीती देर रात पुलिस थाना मैक्लोडगंज की टीम गश्त पर थी तो गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी चमारु राम उपरोक्त शमशान घाट के पास चलते फिरते ग्राहकों को चरस बेचने का काम रहा है। जिस पर पुलिस थाना मैक्लोडगंज की टीम द्वारा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई शमशानघाट के पास दबिश दी गई तथा उक्त आरोपी के कब्जे से 305.66 ग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद करने में सफलता प्राप्त की।