पानीपत, 11 मार्च । पानीपत के काला आंब रोड स्थित अंबा कॉलोनी से सात माह के अपह्रत बच्चे को पुलिस ने महज 30 घंटे बाद यूपी के एटा से सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव भैसवाल निवासी सलमान, आजाद व यूपी निवासी मुकेश गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि थाना चांदनी बाग के सुंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके दो बेटे व एक बेटी है। नौ मार्च की दोपहर को दो युवक एक बाइक पर आए और दोनों ने झुग्गी के पास चाय के खोखे से दो बिस्किट के पैकेट लिए और उसकी सात वर्षीय बेटी आशियाना को बिस्किट का एक पैकेट खाने के लिए दिया। फिर युवकों ने आशियाना से कहा सो रहे बच्चे को लेकर आओ उसको भी बिस्किट देने है। वह सात माह के भाई मानशुभ को लेकर आई। तभी दोनों युवक उसके हाथ से मानशुभ को छीनकर बाइक सहित फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग व सीआईए की टीम मौके पर पहुंचकर बच्चे की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने आसपास व विभिन्न मार्गों पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगाली। पुलिस को फुटेज में दो स्थानों पर आरोपी एक बाइक पर जाते हुए दिखाई दिये। टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर महज 30 घंटे बाद बच्चे को यूपी के एटा से सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को काबू किया।
आरोपियों की पहचान गांव भैसवाल निवासी सलमान व आजाद तथा एटा यूपी निवासी मुकेश गुप्ता के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी सलमान व आजाद ममेरे फुफेर भाई हैं। आरोपी सलमान ने पुलिस को बताया मुकेश गुप्ता के साथ उसकी काफी समय से जान पहचान है। मुकेश गुप्ता ने करीब 20 दिन पहले कहा था कि उससे 6 माह से एक साल के बीच का बच्चा चाहिए। इस काम के बदले उसको एक लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया था। आरोपी सलमान ने ममेरे भाई आजाद को यह बात बताई और दोनों ने मिलकर गरीब परिवार के बच्चे का अपहरण करने की साजिश रची। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नौ मार्च को दोनों आरोपी दोपहर के समय बाइक पर सवार होकर काला आंब रोड पर झुग्गी झोपड़ियों के पास पहुंचे। वहां चाय के एक खोखे से बिस्किट के दो पैकेट लिए और पास में खेल रही छोटी बच्ची को एक बिस्किट का पैकेट देकर उसके भाई को लाने के लिए कहा। छोटी बच्ची अपने भाई को लेकर आई, तभी वह दोनों बच्चे को उससे छीनकर फरार हो गए थे। अपहरण करने के बाद बच्चे को लेकर दोनों आरोपी यूपी के एटा में मुकेश गुप्ता के पास पहुंचे और एक लाख रुपए में बच्चा उसको दे दिया। पूछताछ में आरोपी मुकेश ने पुलिस को बताया वह एक बेटी का पिता है। बेटा नहीं था तो उसने सलमान को एक लाख रुपए देने का प्रलोभन देकर कही से छोटा बच्चा लाने के लिए कहा था। बच्चे को वह पालना चाहता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपह्रत बच्चे को सकुशल बरामद कर बुधवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।