सूरजपुर : कुदरगढ़ महोत्सव में कबड्डी प्रतियोगिता का जोश

सूरजपुर, 23 मार्च । कुदरगढ़ महोत्सव के अंतर्गत आयोजित जिलास्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मुकाबलों में टीमों ने फुर्ती, ताकत और बेहतरीन रणनीति का प्रदर्शन करते हुए मैदान में उत्साह का माहौल बना दिया।

प्रतियोगिता के पुल ‘ए’ के अंतर्गत देवनगर–डुमरिया, कुदरगढ़–रूनियाडीह, जमदेई–कोटेया, चपदा–केवरा तथा पचिरा की टीमों के बीच कड़े मुकाबले खेले गए। हर मैच में खिलाड़ियों ने टीमवर्क और खेल कौशल का उत्कृष्ट परिचय दिया।

आगामी मुकाबलों में पुल ‘बी’ के तहत गंगोटी–परसिया, बांक–बिशुनपुर, सूरजपुर–जगरनाथपुर, नरेशपुर–रगदा तथा प्रेमनगर–ओड़गी की टीमें आमने-सामने होंगी। इन मैचों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार सेमीफाइनल मुकाबले 25 मार्च को दोपहर में और फाइनल मैच उसी दिन शाम को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता टीम का फैसला होगा।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से जहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ नशामुक्ति का संदेश भी दिया जा रहा है।