मध्य प्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री एवं मैहर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने मंगलवार को मैहर पहुंचकर मां शारदा देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी भी उनके साथ मौजूद रहे।
दर्शन के बाद प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस परिसर में निर्मित डोम टीन शेड का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विभागीय कार्यों की समीक्षा
इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, अपर कलेक्टर सुश्री संजना जैन, एसडीएम श्रीमती दिव्या पटेल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्राम पोंड़ी में विकास कार्यों की सौगात
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत पोंड़ी में विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।