भोपाल, 14 मार्च । मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू जैसे हालात बनने लगे हैं। शुक्रवार को नर्मदापुरम में लगातार दूसरे दिन तीव्र लू चली और यहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। वहीं 15, 16 और 17 मार्च को प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में पिछले दो दिनों से तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और सागर संभाग में गर्मी का असर ज्यादा देखा जा रहा है।
नर्मदापुरम सबसे गर्म
नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। पचमढ़ी को छोड़कर लगभग सभी शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। पांच बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.8 डिग्री, इंदौर में 37.6 डिग्री, जबलपुर में 37.5 डिग्री, उज्जैन में 37.4 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अन्य शहरों में भी गर्मी का असर तेज रहा। नर्मदापुरम में 40.1 डिग्री, रतलाम में 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री, धार और खजुराहो में 38.9 डिग्री, दमोह में 38.5 डिग्री, खरगोन में 38.4 डिग्री तथा सागर, टीकमगढ़ और सिवनी में तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि आज 14 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 15 मार्च से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। जिन जिलों में बारिश होगी वहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है, जबकि बाकी क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रह सकता है। प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी कम है और यह रेगिस्तानी क्षेत्रों से होकर आ रही है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
15 मार्च को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर, 16 मार्च को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा और 17 मार्च को अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।