जोधपुर, 25 मार्च । श्री महावीर जैन नवयुवक मण्डल एवं भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति की ओर से अहिंसा के अवतार श्रमण भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव बुधवार को पावटा स्थित भगवान महावीर उद्यान में ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ। महोत्सव पांच अप्रेल तक धूमधाम से मनाया जाएगा।
समिति अध्यक्ष बलवंत खिंवसरा, सचिव धीरज कुमार रांका व मीडिया प्रभारी प्रवीण सुराणा ने बताया कि आज सुबह समिति के पदाधिकारियों ने पावटा स्थित भगवान महावीर उद्यान में ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का आगाज किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों की कड़ी में 27 मार्च को मानव सेवा दिवस मनाया जाएगा जिसके तहत वात्सलयपुरम, अपनाघर, टाउनहॉल, कुष्ठ आश्रम, वृद्धाश्रम, सेवाभारती आदि स्थानों पर भोजन वितरण एवं अन्य जनसेवा कार्य किए जाएंगे। फिर 28 मार्च को जीव दया दिवस समिति, श्री वीर प्रभु संस्थान व श्री वीर प्रभु महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे अरणा झरणा मोकलावास स्थित श्री ओसवाल सिंह सभा धर्मपुरा गौशाला में गायों, बकरों, खरगोश व अन्य मूक पशु पक्षियों को हरा चारा व लापसी वितरण व कुत्तों के बाडे में दूध, रोटी, सोगरा आदि खिलाकर सेवा कार्य किया जाएगा। इसके बाद 29 मार्च को सांय 7.15 बजे से एक शाम प्रभु महावीर के नाम भजन संध्या सरदारपुरा स्थित गांधी मैदान में आयोजित होगी जिसमें रायपुर छत्तीसगढ के भजन गायक अंकित लोढ़ा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत शोभायात्रा 31 मार्च को सुबह 8.30 बजे पूजा अर्चना के पश्चात् फतेहपोल से निकाली जाएगी।
शोभायात्रा में जैन धर्म, भगवान महावीर और उनके जीवन आदर्शों से ओत प्रोत लगभग 100 से अधिक झांकियां निकाली जाएगी। शोभायात्रा में शामिल अधिकांश झांकियां इको फ्रेंडली होगी। वहीं पांच अप्रैल को कार्यक्रमों का समापन व सम्मान समारोह पाल रोड उद्यान अपार्टमेंट के पास स्थित खरतरगच्छ जैन सेवा ट्रस्ट प्रांगण में आयोजित किया जाएगा जिसमें शोभा यात्रा में भाग लेने वाली सभी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।