अनूपपुर, 25 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का खाद्य विभाग द्वारा आकस्मिक निरीक्षण एवं छापामार कार्यवाही करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर कुल 13 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हर्षल पंचोली के निर्देशन में निरीक्षण दल दो दिनों मंगलवार-बुधवार को प्रमुख मार्गों पर स्थित ढाबों, होटल, रेस्टोरेंट एवं गैस वितरण केंद्रों की जांच कार्यवाही के दौरान चचाई रोड अनूपपुर स्थित इवनिंग प्वाइंट फैमिली ढाबा से 01 नग, अमरकंटक रोड अनूपपुर स्थित ग्रीन सिटी फैमिली रेस्टोरेंट से 03 नग, ग्राम भेजरी स्थित करण मिष्ठान भंडार से 03 नग तथा राम सी.एस.सी. एवं गैस वितरण केंद्र दमहेड़ी से 06 नग एचपी घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित संस्थानों द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपयोग हेतु प्रदाय किए जाने वाले गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग प्रतिबंधित है।
उक्त प्रकरण में संबंधित संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि इस प्रकार की अनियमितताओं के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। इस दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सीमा सिन्हा तथा अलका पटेल सहित खाद्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित शामिल रहें।