कानपुर की ईदगाहों में उमड़ा जनसैलाब,दो शिफ्टों में अदा हुई नमाज़

कानपुर, 21 मार्च । ईद-उल-फितर (ईद )के मौके पर शहर में आस्था, उत्साह और भाईचारे का नजारा देखने को मिला, जहां शनिवार को बड़ी ईदगाह समेत विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में लाखों नमाज़ियों ने एक साथ सिर झुकाकर शहर और देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। भारी भीड़ को देखते हुए नमाज़ दो शिफ्टों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई और पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

सुबह से ही बड़ी ईदगाह, बेनाझावर और बाबूपुरवा ईदगाह में नमाज़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए नमाज़ दो चरणों में अदा कराई गई। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे और दूसरी 9:30 बजे। ईदगाह कमेटी के मुताबिक, केवल बड़ी ईदगाह में ही करीब तीन लाख से अधिक नमाज़ियों के नमाज अदा करने का अनुमान रहा।

नमाज के दौरान लोगों ने देश में शांति, सौहार्द और भाईचारे की दुआ मांगी। एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गई, जिससे पूरे माहौल में खुशियों की झलक साफ नजर आई।

सुरक्षा और निगरानी के लिहाज से इस बार व्यापक इंतजाम किए गए थे। ईदगाहों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए करीब 250 वालंटियर लगाए गए, जो ह्यूमन चेन बनाकर लोगों को दिशा देते रहे।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से बनाए गए कैम्प में मौजूद अधिकारी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के जरिए भी पूरे क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

जॉइंट कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी जरूरी कदम उठाए गए थे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। वहीं, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता नमाज़ को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना था, जिसमें सभी का सहयोग मिला।

शहर की अन्य ईदगाहों और करीब 300 से अधिक मस्जिदों में भी अलग-अलग समय पर नमाज़ अदा की गई। कई स्थानों पर दो शिफ्टों में नमाज़ का आयोजन किया गया।

नमाज़ियों की सुविधा के लिए ईदगाह परिसरों में पानी, बिजली और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। कुल मिलाकर शहर में ईद का पर्व शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भाईचारे के संदेश के साथ सम्पन्न हुआ।