सीतापुर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक, बूथ मजबूत करने के साथ चुनावी तैयारी पर जोर

सीतापुर, 29 मार्च । उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में कांग्रेस पार्टी चुनावी तैयारियों में जुट गई है। इसी क्रम में प्रत्येक विधानसभा में संगठन की बड़ी बैठक के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एकजुट कर मैदान में उतरने का आह्वान किया जा रहा है। इसको देखते हुए विकास खंड हरगांव में रविवार को कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष विजय कुमार भार्गव ने की, जिसमें संगठन के विस्तार, बूथ स्तर को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। यह बैठक करीब 4 घंटे से भी अधिक समय तक चली।

मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन महामंत्री अनिल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और हर बूथ तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ममता पासी ने संगठन को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की नियुक्ति और समाज के सभी वर्गों तक पहुंच बनाना जरूरी है, तभी पार्टी को मजबूती मिलेगी।

जिलाध्यक्ष ममता वर्मा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी प्रत्येक विधानसभा में बहुत गंभीरता पूर्वक कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चिंतन-मंथन कर रही है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करते हुए आगामी चुनावों के लिए पूरी ताकत के साथ तैयारी की जाएगी।

बैठक का संचालन राजेश सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर विजय कुमार भार्गव (ब्लॉक अध्यक्ष), इखलाख हुसैन (ब्लॉक उपाध्यक्ष), संजीव नाथ गुप्ता (जिला कोषाध्यक्ष), अनिल दीवान (जिला सचिव), दीपा वैश्य (प्रदेश महासचिव सोशल मीडिया), अनुपमा द्विवेदी, प्रदीप सिंह चौहान, दानिश नक़बी, फारूख आलम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।