जबलपुर, 11 मार्च । मध्य प्रदेश में इस साल मनाए जा रहे कृषि वर्ष के अंतर्गत आज बुधवार से जबलपुर में भव्य ‘कृषि मेला एवं श्री अन्न फूड फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
मोटे अनाज (मिलेट्स) के प्रति जागरूकता बढ़ाने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों को रूबरू कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित इस कृषि मेला एवं श्री अन्न फूड फेस्टिवल में किसानों और आम नागरिकों के लिए कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें मोटे अनाज के पोषण मूल्य को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रदर्शनी, आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी एवं किसान संगोष्ठी शामिल हैं।
कृषि उप संचालक डॉ एसके निगम ने बताया कि कृषि मेला एवं श्रीअन्न फूड फेस्टिवल में विक्रय हेतु श्री अन्न एवं शुद्ध जैविक उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऑर्केस्ट्रा का आयोजन होगा। कृषि उप संचालक ने 13 मार्च तक आयोजित किए जा रहे कृषि मेला एवं श्रीअन्न फूड फेस्टिवल में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कृषि संबंधी जानकारी प्राप्त करने एवं श्रीअन्न से बने व्यंजनों का आनंद उठाने का आग्रह किया है।