दंतेवाड़ा, 10 मार्च । जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंर्तगत सचिव पारा हीरानार में जादू-टोना के शक में एक ग्रामीण मेहरू यादव (55) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक गांव में झाड़-फूंक और बड्डे का काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल ने बताया कि हत्या के वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस आज मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। इसके साथ ही विवेचना के दैरान इसमें शामिल दाे आरोपितों को पकड़ लिया गया है जांच जारी है।
गीदम पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मेहरू यादव (55वर्ष ) निवासी हिरानार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले एक साल के अंदर आरोपितों के परिवार में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मेहरू यादव पर जादू-टोना करने का शक हो गया था। इसी शक के चलते बीती रात गांव के ही दो चचेरे भाई अमित लेकामी (26वर्ष ) और दशमु (45वर्ष ) मृतक मेहरू यादव के घर में घुस गए। दोनों ने धारदार चाकू से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विवेचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है।