नई दिल्ली, 06 मार्च । दक्षिण पश्चिम जिले के पालम गांव इलाके में होली वाले दिन बार बार चिढ़ाए जाने से नाराज नाबालिग ने साथियों संग मिलकर एक डेयरी संचालक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस को घटना की सूचना अस्पताल से मिली थी। मृतक की पहचान पुनीत यादव (25) के रूप में हुई है। हत्या की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल तीन नाबालिगों तथा धर्मेंद्र (24) व ओमकार (24) नामक युवकों को पकड़ा है। उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने शुक्रवार को बताया कि चार मार्च को पालम गांव पुलिस को मणिपाल अस्पताल से घटना के संबंध में पीसीआर कॉल मिली। जिसमें बताया गया कि महावीर एनक्लेव गली नंबर 7 में एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने चाकू मार दिया है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो पता चला गंभीर रूप से घायल अवस्था में लाए गए युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। मृतक की पहचान पुनीत के रूप में हुई। वह गोयला डेरी इलाके में दूध की डेयरी चलाता था।
पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की तथा स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई। इस दौरान पता चला कि सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन नाबालिगों समेत धर्मेंद्र एवं ओमकार को पकड़ा। धर्मेंद्र व ओंमकार दूध बेचने का काम करते हैं। पूछताछ में सामने आया कि होली वाले दिन पुनीत ने एक नाबालिग को बार बार चिढ़ाया था। इसका उसे बुरा लगा था। पुनीत को सबक सिखाने के लिए उसने अपने साथियों संग मिलकर पुनीत पर हमले का प्लान बनाया। नशे की हालत में नाबालिग ने मौका देखकर गली से गुजर रहे पुनीत को पकडक़र उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।