अनूपपुर: पुलिस की अनूठी पहल: 150 चालकों की सेहत की जांच में में 35 को चश्मा, कई को शुगर-बीपी

अनूपपुर, 14 मार्च । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में पुलिस ने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को एक अनूठी पहल की है। पुलिस ने वाहन चालकों की आंखों की रोशनी और स्वास्थ्य की जांच के लिए एक निःशुल्क शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में 150 से अधिक चालकों का परीक्षण किया गया, जिसमें कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं सामने आईं।

यातायात थाना परिसर में आयोजित शिविर में पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान ने धुंधली नजर वाले चालकों को अपने हाथों से चश्मा पहनाया, जिससे चालकों में खुशी देखी गई। जांच में 35 चालकों की नजर कमजोर पाई गई, जिन्हें मौके पर ही चश्मा प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, 2 चालकों में कलर ब्लाइंडनेस की शिकायत मिली, जो यातायात संकेतों को समझने में बाधा उत्पन्न कर सकती है और सड़क सुरक्षा के लिए खतरनाक है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान 26 चालक शुगर (मधुमेह) और 16 चालक हाई ब्लड प्रेशर से ग्रसित पाए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान ने कहा कि सड़क सुरक्षा का सीधा संबंध चालक के शारीरिक स्वास्थ्य से है। उन्होंने जोर दिया देते हुए कहा कि कमजोर दृष्टि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा और अक्सर अनदेखा कारण है। यदि चालक की नजर सही नहीं होगी, तो वह हादसों को न्योता देगा। उन्होंने इस शिविर को सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की एक संवेदनशील कोशिश बताया।

जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुरेंद्र सिंह गौतम ने बताया कि शिविर में केवल जांच ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को तत्काल समाधान भी प्रदान किया गया। पुलिस की ओर से उन चालकों को चश्मा भेंट किया गया जिन्हें दूर या पास का कम दिखाई दे रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। इस शिविर में जिला अस्पताल की मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।