प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में आराेपित प्रेमिका सहित चार गिरफ्तार

नोएडा, 06 मार्च । थाना सेक्टर 113 पुलिस ने होली वाले दिन सेक्टर 75 स्थित एक सोसाइटी में हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में उसकी प्रेमिका सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि थाना सेक्टर- 113 क्षेत्र के सेक्टर 75 स्थित एक सोसाइटीज में रहने वाले साहिल सिंघल की होली वाले दिन गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। उन्होंने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को लब्बू उर्फ लोकेंद्र सोलंकी पुत्र सुभाष सोलंकी, निखिल सोलंकी पुत्र सुभाष सोलंकी तथा प्रिया सिंह पुत्री सुभाष सोलंकी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि एक आरोपित की उम्र 16 वर्ष है, उसे हिरासत में लेकर बाल न्यायालय में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की अवैध पिस्टल, हत्या में प्रयुक्त बिना नंबर की कार आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि साहिल सिंघल की प्रिया सिंह से अवैध संबंध थे। शादी करने को लेकर हुए विवाद के बाद प्रिया और उसके भाइयों ने मिलकर साहिल की हत्या की थी। उन्होंने बताया कि मृतक साहिल सिंघल के आरोपित प्रिया से चार वर्षों से अवैध संबंध थे, जबकि वह पहले से शादीशुदा था। आरोपित प्रिया बी-टेक पास है।