रायपुर पुलिस की आपराधिक तत्वों पर लगातार जारी है कार्रवाई

रायपुर, 07 मार्च । रायपुर जिले में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, सक्रिय गुंडा-बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान शनिवार को थाना विधानसभा क्षेत्र से 02, थाना माना से 02, थाना खरोरा से 01, थाना तिल्दा नेवरा से 05 तथा पुलिस चौकी सिलयारी क्षेत्र से 8 आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 18 आरोपितोंं को जेल भेजा गया।

इसके अतिरिक्त थाना विधानसभा पुलिस द्वारा आरोपित करन नौरंगे के विरुद्ध अवैध चाकू रखने के मामले में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत उसे गिरफ्तार किया गया तथा थाना खरोरा में दर्ज अपराध क्रमांक 124/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) बीएनएस के प्रकरण में आरोपित रूपेश उर्फ रूपु गेंडरे निवासी ग्राम भेजरीडीह थाना खरोरा जिला रायपुर को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया।

रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया कि, रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के मद्देनजर विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों एवं अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कड़ी एवं निरंतर कार्रवाई की जाती रहेगी।