रायसेन, 03 मार्च । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के उदयपुरा में मंगलवार सुबह मानवता काे शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित अंबेडकर भवन के पास एक पॉलिथीन में नवजात शिशु का शव लावारिस अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जानकारी अनुसार मंगलवार सुबह कुछ स्थानीय लाेग अंबेडकर भवन के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे पड़ी एक संदिग्ध पॉलिथीन पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसमें एक नवजात मृत अवस्था में मिला। यह दृश्य देख कर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उदयपुरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उदयपुरा भेजा गया। प्रारंभिक जांच में अब तक नवजात की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि उसे वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
एसडीओपी कुंवर सिंह मुकाती ने बताया कि पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का जल्द खुलासा हो सके। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी हो, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि जिम्मेदार व्यक्तियों तक पहुंचा जा सके।