राजगढ़ःवीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी का बलिदान दिवस मनाया, समाजजन ने दी श्रद्वांजलि

राजगढ़, 20 मार्च । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया में शुक्रवार को 1857 की महान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर लोधा-लोधी समाज द्वारा एक विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई और सजावट से हुई। समाज के युवाओं और वरिष्ठजनों ने मिलकर रानी अवंतीबाई की प्रतिमा का श्रृंगार किया तथा पुष्प अर्पित कर उनके अद्म्य साहस को नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित समाज के प्रदेश अध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि रानी अवंतीबाई ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध वीरतापूर्वक संघर्ष किया और राष्ट्र की स्वतंत्रता हेतु अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनका बलिदान आज भी समाज को देशभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रानी अवंतीबाई के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने वीरांगना के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। सुठालिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग उनके बलिदान को नमन करते हुए भाव-विभोर नजर आए।