बीकानेर, 11 मार्च । मरुधरा की माटी में गणगौर उत्सव का विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बीकानेर में आपणी हथाई न्यूज पोर्टल और अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार गोपाल बिस्सा के सहयोग से आगामी 16 और 17 मार्च 2026 को दो दिवसीय ‘खेलण दो गणगौर’ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक धरणीधर तालाब परिसर में आयोजित होगा। आयोजन को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और टाटा पावर का प्रायोजन प्राप्त है।
महोत्सव के तहत महिलाओं और बालिकाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन 16 मार्च को दातणिया (रंगोली) प्रतियोगिता, गणगौर साज-सज्जा प्रतियोगिता, घूमर और घूड़ला नृत्य की प्रस्तुतियां तथा ‘स्वर संगम’ के अंतर्गत भजन और लोकगीतों का आयोजन होगा। वहीं दूसरे दिन 17 मार्च को गणगौर वॉक प्रतियोगिता, ‘मिस गणगौर-2026’ प्रतियोगिता, गणगौर की सजीव झांकी और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन शहर के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर जेठानंद व्यास, पंडित जुगल किशोर ओझा, एसबीआई के उप महाप्रबंधक अरविंद भट्ट, टाटा पावर के धर्मेश कुमार, समाजसेवी सुनील सोनी, महावीर रांका सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। दो दिवसीय ‘खेलण दो गणगौर’ महोत्सव में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।