बांग्लादेश की नजर सीरीज जीतने पर, वापसी करना चाहेगी पाकिस्तानी टीम

ढाका, 12 मार्च । बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच चल रही तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला का दूसरा मैच शुक्रवार को खेला जाएगा, इस मैच में पाकिस्तान की टीम वापसी के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि बांग्लादेश की नजर सीरीज पर कब्जा जमाने पर होगी। पहले मैच में शानदार जीत के साथ बांग्लादेश ने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है।

पहले एकदिवसीय मुकाबले में पाकिस्तान ने अपनी टीम में चार नए बल्लेबाजों को मौका दिया था, लेकिन बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। नाहिद राणा ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 24 रन देकर पांच विकेट झटके।

उनकी तेज और उछाल भरी गेंदबाजी ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। अनुभवी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा भी नाहिद राणा की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके। पाकिस्तान की पूरी टीम 114 रन पर सिमट गई, जो बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए उसका सबसे कम स्कोर है।

छोटे लक्ष्य का बचाव करने उतरी पाकिस्तान की गेंदबाजी भी प्रभावहीन रही। गेंदबाजों ने अनुशासनहीनता दिखाते हुए 14 वाइड गेंदें फेंकी। इसका फायदा उठाते हुए बांग्लादेश ने केवल दो विकेट खोकर और 209 गेंद शेष रहते मुकाबला आठ विकेट से अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ बांग्लादेश के पास पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दूसरी एकदिवसीय श्रृंखला जीतने का मौका है। इससे पहले वर्ष 2015 में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया था।

बांग्लादेश के लिए कप्तान मेहदी हसन मिराज का प्रदर्शन भी अहम रहा, जिन्होंने तीन विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए तंजीद हसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए और टीम को आसान जीत दिलाई।

पाकिस्तान की टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा होगा। टीम को अपने नए खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी। कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद रिजवान और सलमान आगा पर टीम को संभालने की जिम्मेदारी होगी।

दूसरी ओर बांग्लादेश की टीम पहले मैच में जीत दिलाने वाले संयोजन को बरकरार रख सकती है, खासकर यदि पिच का मिजाज पहले मुकाबले जैसा ही रहा।

पाकिस्तान की टीम अपनी तेज गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए मोहम्मद वसीम की जगह हारिस रऊफ को मौका दे सकती है, क्योंकि पहले मुकाबले में वसीम ने 3.1 ओवर में 24 रन खर्च किए थे।