राज्य स्तरीय ओडीओपी प्रदर्शनी का रविवार से आगाज, 120 स्टॉल पर दिखेंगे विशेष उत्पाद

जयपुर, 14 मार्च । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर प्रदेश में 14 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से 15 से 19 मार्च तक राज्य स्तरीय एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही जिलों में आयोजित होने वाली ओडीओपी प्रदर्शनियों के तहत जयपुर में जिला स्तरीय जेम्स एंड ज्वेलरी प्रदर्शनी ‘रत्नम् जयपुर’ का भी आयोजन किया जाएगा। आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि दोनों प्रदर्शनियों का शुभारंभ रविवार सुबह 11 बजे किया जाएगा। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रदेश के विभिन्न जिलों के ओडीओपी उत्पादों की कुल 120 स्टॉल लगाई जाएंगी। यहां सभी जिलों के विशेष उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे, जिन्हें आमजन खरीद भी सकेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में आगंतुकों को ओडीओपी उत्पादों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही कुछ उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया का कारीगरों द्वारा लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया जाएगा।

यह प्रदर्शनी 19 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां लोग प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक कला, शिल्प और उत्पादों का अवलोकन कर सकेंगे।