यमुनानगर:बदलहाली की मार झेल रहा तेजली स्टेडियम, खिलाड़ी मूलभूत सुविधाओं काे तरसे

यमुनानगर, 05 मार्च । यमुनानगर जिले का प्रमुख खेल केंद्र माने जाने वाला तेजली खेल स्टेडियम इन दिनों अव्यवस्था और उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। करीब 55 एकड़ में फैले इस बड़े खेल परिसर में जहां कभी खिलाड़ियों की आवाजाही और अभ्यास की गतिविधियां लगातार नजर आती थी, वहीं अब मूलभूत सुविधाओं की कमी खिलाड़ियों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है।

स्टेडियम परिसर में लगी अधिकांश हाईमास्ट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिसके कारण शाम होते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। कई बिजली पोल जर्जर स्थिति में हैं और उनका लंबे समय से रखरखाव नहीं हुआ है। खिलाड़ियों का कहना है कि बरसात के मौसम में इन खंभों से करंट आने का खतरा भी बना रहता है। रोशनी की कमी के कारण विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान असुरक्षा महसूस होती है।

स्टेडियम के कुछ हिस्सों में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत भी सामने आई है। खिलाड़ियों के अनुसार रनिंग ट्रैक के पास बने भवन में इस्तेमाल किए हुए इंजेक्शन पड़े मिले हैं। उनका आरोप है कि शाम के समय कुछ नशेड़ी परिसर में आकर नशा करते हैं। ट्रैक के पास बने स्टोरनुमा कमरों में टूटे कांच, शराब की खाली बोतलें और कूड़ा पड़ा रहने से वातावरण खराब हो रहा है।

इसके अलावा परिसर के बीच से गुजरने वाला खुला नाला भी खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। स्टेडियम में बने तीन शौचालयों में से दो बंद पड़े हैं, जबकि मुख्य द्वार के पास स्थित शौचालय की स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। खिलाड़ियों सुमित, प्रवीन और रोहित ने बताया कि नियमित सफाई न होने के कारण शौचालय जाम रहते हैं, जिससे विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

खेल परिसर में बास्केटबॉल कोर्ट, एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल मैदान, वॉलीबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, बॉक्सिंग रिंग और मल्टीपर्पज हॉल जैसी कई सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन रखरखाव के अभाव में उनका पूरा लाभ खिलाड़ियों को नहीं मिल पा रहा है। जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने बताया कि स्टेडियम की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गार्ड की मांग मुख्यालय को भेजी गई है। खराब लाइटों की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।