जींद : जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कंपनी को दिया प्रशिक्षण

जींद, 10 मार्च । जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा गठित कंपनी ए व बी के जवानों के लिए पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ करने के लिए कंपनियों में तैनात जवानों को आधुनिक तकनीकों के बारे में रैपिड एक्शन फोर्स के डिप्टी कमान्डेंट सुनील कुमार के कुशल नेतृत्व में जवानों को कानून व्यवस्था की संवेदनशील परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली रणनीतियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को सैम (स्पेशल एंटी रिओट मेजर्स), एसएमजी हथियारों के सुरक्षित व प्रभावी संचालन तथा टियर स्मोग के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई ताकि किसी भी आपात या भीड़ नियंत्रण की स्थिति में पुलिस बल प्रभावी ढंग से कार्य कर सके।

पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स के अधिकारियों ने पुलिस जवानों को बताया कि आधुनिक प्रशिक्षण और सही रणनीति के माध्यम से ही कानून व्यवस्था की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।

इस दौरान जवानों को भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, संयमित बल प्रयोग तथा सुरक्षा मानकों के बारे में भी जागरूक किया गया। जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवानों को यह भी निर्देश दिए कि वे ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्थिति में आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।