हाईवा चालकों से लूट और डीजल चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

रायगढ़, 05 मार्च । तमनार पुलिस ने हाईवा वाहनों से डीजल चोरी कर चालक से मारपीट करते हुए नगदी लूटने वाले गिरोह पर कार्रवाई की है l पुलिस आज गुरुवार काे तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन, करीब 80 लीटर डीजल, नगदी 500 रुपये तथा अपराध में प्रयुक्त लोहे का रॉड, डंडा और पाइप जब्त किया है।

घटना के संबंध में हाईवा चालक मुकेश यादव (उम्र 33 वर्ष) निवासी ग्राम धनवाही थाना इंदवार जिला उमरिया (म.प्र.) ने 3 मार्च को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह वर्तमान में भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में हाईवा चालक का कार्य करता है। 2 मार्च की रात वह अपने हाईवा क्रमांक सीजी 10 बीके 9082 को भालूमुड़ा रेलवे साइडिंग में खड़ा कर वाहन में ही सोया हुआ था। साइडिंग में अन्य पांच हाईवा भी खड़े थे, जिनके चालक होली मनाने अपने-अपने घर चले गए थे। बीती रात करीब 3.00 से 3.30 बजे के बीच उसे वाहन से आवाज सुनाई दी, जिस पर नीचे उतरकर देखने पर तीन अज्ञात व्यक्ति उसके हाईवा से डीजल चोरी करते मिले।

चालक के चिल्लाने पर आरोपि‍त डीजल का डिब्बा लेकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर दो आरोपि‍त वापस आए और मोबाइल व पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने डंडे से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 200 और 100 रुपये के कुल 500 रुपये लूट लिए तथा वहां खड़े अन्य हाईवा वाहनों से भी डीजल चोरी करने लगे। भयवश चालक वहां से भागकर मोबाइल के माध्यम से वाहन मालिक को घटना की जानकारी दी। आरोपितों द्वारा लगभग 175 लीटर डीजल चोरी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन से सराईडीपा की ओर भागने की जानकारी दी गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16,500 रुपये बताई गई।

तमनार प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में आरोपितों की पतासाजी शुरू की गई। थाना प्रभारी ने पीड़ित चालक, आसपास के ग्रामीणों और मुखबिरों से जानकारी एकत्र कर संदिग्धों की तलाश तेज की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों कैलाश दास मंहत, गोविन्द सिदार और सुनील यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

मामले में तमनार पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 309(6), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।