पन्ना : जमीनी विवाद में किसान पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

पन्ना, 25 मार्च । मध्‍य प्रदेश के पन्‍ना जिले के थाना सुनवानी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खलौन में हुए हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में इस मामले का सफल खुलासा किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को फरियादी भागीरथ पटेल निवासी ग्राम खलौन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसी दिन गांव के ही प्रीतम पटेल, छन्नु पटेल, हक्कू पटेल और मम्मु पटेल ने पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद के चलते उनके समधी हन्नु पटेल (68) वर्ष, निवासी गढ़ीकरहिया पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया।

हमले में हन्नु पटेल के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे भागीरथ पटेल को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले में थाना सुनवानी में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी हरवचन सिंह कुड़ापे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भड़ा हार क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर प्रीतम पटेल, छन्नु पटेल और मम्मु पटेल को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।