नागौद–फुलवारी रेलखंड पर ट्रायल सफल, पन्ना में ट्रेन सेवा की उम्मीदें तेज

मध्य प्रदेश की हीरा नगरी पन्ना को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा है। पन्ना–सतना रेल परियोजना के अंतर्गत नागौद से फुलवारी के बीच मंगलवार को ट्रेन का सफल ट्रायल पूरा किया गया। इस उपलब्धि के साथ ही जिले में जल्द रेल सेवा शुरू होने की उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं।

ट्रायल के दौरान रेलवे सेफ्टी कमिश्नर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। अधिकारियों ने ट्रैक और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक परीक्षण किए।

जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के तहत कुल 74 किलोमीटर लंबी रेल लाइन प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक करीब 45 किलोमीटर ट्रैक तैयार किया जा चुका है। फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच शेष ट्रैक का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसे अप्रैल माह तक पूरा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

इसके बाद बाकी हिस्से में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां जारी हैं। साथ ही वर्ष के अंत तक रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य भी पूरे होने की उम्मीद है।

लंबे समय से रेल सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे पन्ना जिलेवासियों के लिए यह ट्रायल बड़ी राहत लेकर आया है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के आवागमन, व्यापार और पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।