भराड़ीसैंण, 11 मार्च । 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के बाद उत्तराखंड सरकार अब जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार में जुट गई है। बजट सत्र के तीसरे दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन को बताया कि प्रदेश के हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रावधान भी किया गया है।
दरअसल, वर्ष 2025 में उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इस आयोजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधारभूत खेल ढांचा विकसित किया गया और सरकार ने इसे लेगेसी पॉलिसी के तहत खेल अकादमी के रूप में उपयोग करने का निर्णय लिया है, ताकि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण मिल सके।
इस संबंध में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में मिनी स्टेडियम के लिए औसतन 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है और इसके निर्माण के लिए 1.70 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मंत्री ने यह भी कहा कि अब तक 102 मिनी स्टेडियम बनाए जा चुके हैं और 6 निर्माणाधीन और 11 प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन को यह भी जानकारी दी कि जमीनी स्तर पर खेल मैदान और मिनी स्टेडियमों के निर्माण से युवाओं को खेल में रुचि बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को निखारने में मदद मिलेगी। इस योजना को लागू करने के लिए प्रशासन स्तर पर कार्यवाही जारी है।