पांच तहसीलों में आपदा पूर्वाभ्यास मॉक ड्रिल कल

नैनीताल, 16 मार्च । जनपद में मंगलवार 17 मार्च को आपदा पूर्वाभ्यास मॉक ड्रिल का आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर नैनीताल के अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परगना मजिस्ट्रेटों, तहसील अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल, रिस्पॉन्स टाइम की जांच, जन-जागरूकता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके। सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए अभियान को सफल बनाएं और तहसीलों में स्थापित सैटेलाइट फोन को भी सक्रिय स्थिति में रखें। उन्होंने बताया कि 17 मार्च को प्रातः 10.30 बजे से जनपद की पांच तहसीलों में आपदा घटनाक्रम पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।

इसके तहत कैंचीधाम तहसील में मंदिर परिसर, खनस्यू में ओसाड़ बैंड ओखलकांडा और करायल के बीच, कालाढूंगी में रेंजर कार्यालय के समीप वन क्षेत्र, हल्द्वानी में कलसिया नाला क्षेत्र तथा नैनीताल में चार्टन लॉज मल्लीताल और नैनी झील के निकट बोट हाउस के पास मॉक ड्रिल की जाएगी। बताया कि मॉक ड्रिल के बाद कमियों की समीक्षा भी की जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में राजस्व, अग्निशमन, चिकित्सा, परिवहन, आपूर्ति, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, संचार, पशुपालन, वन, पंचायत, होमगार्ड सहित सेना, आईटीबीपी, आईआरबी और सीआरपीएफ के अधिकारी भी शामिल रहे।