देहरादून, 28 मार्च । उत्तराखंड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर ने शनिवार को कहा कि निजी क्षेत्रों की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं का प्रयास सराहनीय है। इससे राज्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों से प्रतिभा पलायन रोकने में भी सहायता मिलेगी।
देहरादून स्थित जीआरडी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के सरदार राजा सिंह मेमोरियल चैरिटेबल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला रखी गई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विश्वास डाबर ने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि संस्थान के संस्थापक स्व. सरदार राजा सिंह की स्मृति में स्थापित किया जा रहा यह अस्पताल राज्य के वंचित एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को समर्पित होगा।
इस मौके पर संस्थान के चेयरमैन सरदार इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था। प्रस्तावित अस्पताल न केवल सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा। साथ ही नर्सिंग एवं पैरामेडिकल क्षेत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर छात्र-छात्राएं कौशल विकास के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे सकेंगे।
संस्थान के महानिदेशक डॉ. पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी वर्षों में संस्थान राज्य में ही विश्वस्तरीय चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित करेगा, जिससे छात्रों को अन्य राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए समर्पित रहेगा।
इस अवसर पर स्वर्गीय सरदार राजा सिंह की स्मृति में शोक सभा का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक योगदान को याद किया।