फिरोजाबाद, 24 मार्च । थाना एका पुलिस टीम ने आठ दिन पूर्व नहर से बरामद युवक के शव की शिनाख्त कर मंगलवार को उसकी हत्या का खुलासा कर दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकारा कि उसने अवैध सम्बन्धों को लेकर युवक की अंगोछे से गला घोटकर हत्या कर शव की नहर में फेंका था।
थाना प्रभारी संजुल पांडेय ने मंगलवार को बताया कि 17 मार्च की शाम को जेड़ा झाल नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त परिजनों ने एका निवासी अरविन्द के रूप में की थी। पुलिस ने 22 मार्च को मृतक के परिजनों की तहरीर पर नामजद अभियुक्त योगेश उर्फ कन्हैया के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने मंगलवार को एक सूचना पर हत्यारोपी योगेश उर्फ कन्हैया को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल एक अंगौछा की बरामदगी हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह एक ट्रक ड्राइवर है जोकि हरियाणा की ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रक चलाता है। होली पर वह अपने गांव आया था। तब पता चला कि उसकी बहन और पत्नी के अवैध संबंध अरविन्द (मृतक) व उसके भाई के साथ है। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह प्लानिंग के तहत अरविन्द को 16 मार्च को मोटरसाइकिल से जेडा नहर के पास ले गया। दोनों ने पहले बीयर पी। इसके बाद अरविन्द के गले में पड़े अंगोछे से उसकी गला घोटकर हत्या कर शव को नहर में फेक दिया। पुलिस ने हत्यारोपित को को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
———–