उत्तर प्रदेश सरकार ने नामित पार्षदों का किया ऐलान

लखनऊ, 17 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं में नामित पार्षदों का ऐलान कर दिया है।

भारतीय जनता पार्टी संगठन की सिफारिश पर नगर विकास विभाग ने हर नगर निगम में 10-10 पार्षद नामित किए हैं। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद ने सोमवार को जारी अधिसूचना में पार्षदों के मनोनयन की घोषणा की है।

नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरु प्रसाद ने बताया कि मनोनीत पार्षद अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय पार्षदों के साथ मिलकर नगरों का विकास कार्य करेंगे। यह सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन अपने क्षेत्र में विकास के लिए सिफारिश कर सकते हैं।

नगर विकास विभाग की ओर से 190 पेज की अधिसूचना जारी की गई है। इसमें प्रदेश के सभी नगर निगमों में भारतीय जनता पार्टी और सहयोगी दलों के 10-10 नेताओं को पार्षद मनोनीत किया गया है। छोटी नगर पालिकाओं में भी पांच से छह पार्षद का मनोनयन हुआ है।

उल्लेखनीय है कि, पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी ने सांगठनिक बैठक करके पार्षदों के नाम पर चर्चा की थी।