जौनपुर, 22 मार्च । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रविवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के सभागार में क्षत्रिय वैश्य समाज द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। पुलिस लाइन से टीडी कॉलेज तक उनका काफिला घोड़ों और बैंड-बाजों के साथ पहुंचा, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम स्थल पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह और एमएलसी बृजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। समारोह का शुभारंभ ठाकुर वंश के पूर्वज राजा शालीवाहन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। वहीं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पारंपरिक फागुन गीत गाकर लोगों को आकर्षित किया और तालियों की गूंज के बीच माहौल को रंगीन बना दिया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह होली मिलन समारोह पिछले आठ वर्षों से परंपरागत रूप से आयोजित हो रहा है, जिसमें सर्वसमाज की सहभागिता रहती है। उन्होंने इसे सामाजिक एकता और संस्कृति के संरक्षण का प्रतीक बताया। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने शायरी के अंदाज में इतिहास को समझने और उससे जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की जड़ों को मजबूत रखना जरूरी है, क्योंकि जड़ों से कटने पर कोई भी वृक्ष टिक नहीं सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास को कई बार धार्मिक और सांप्रदायिक रंग देकर कमजोर करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाज का इतिहास अटूट है और आगे भी बना रहेगा। समारोह में बड़ी संख्या में क्षत्रिय वैश्य समाज के लोग उपस्थित रहे।