दतिया, 06 मार्च । संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में मध्य प्रदेश के दतिया जिले के विश्वजीत गुप्ता ने 67वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होने के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
विश्वजीत गुप्ता शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता के पुत्र हैं। उनके पिता अशोक कुमार गुप्ता मूल रूप से दतिया जिले के दिगुंवा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में डांग करैरा में पदस्थ हैं। उनकी माता उमा गुप्ता भी माध्यमिक शिक्षिका हैं और पलोथर में पदस्थ हैं।
जानकारी के अनुसार विश्वजीत दतिया शहर में आरएलपीएस स्कूल के पास स्थित अपने निवास से पढ़ाई करते हुए आगे बढ़े और बाद में दिल्ली में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। लगातार मेहनत और लगन के बाद आखिरकार उन्हें इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता मिली।
विश्वजीत की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और जिले के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।