सुलतानपुर, 24 मार्च । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के चर्चित कल्याणपुर गोलीकांड का फरार आरोपित नितिन तिवारी ने जौनपुर के सरपतहा थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है। सुलतानपुर पुलिस ने इनाम घोषित होते ही इनामी आरोपितों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूल रूप से जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र के चौबाहा गांव का निवासी नितिन तिवारी कल्याणपुर गोलीकांड के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के बढ़ते दबाव और आज इनाम घोषित होने के बाद उसने अपने गृह जनपद में आत्मसमर्पण कर दिया। सीओ विनय गौतम ने मंगलवार को बताया कि 15 मार्च को अखण्डनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में हुई मारपीट और गोलीबारी के मामले में अब तक 12 बदमाशों को जेल भेजा जा चुका है। शेष फरार आरोपिताें पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई थीं। पुलिस के दबाव के कारण नितिन तिवारी ने सरपतहा थाने में आत्मसमर्पण किया, जहां से अखण्डनगर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गोलीकांड से जुड़े अन्य तथ्यों व संलिप्त लोगों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है।